Fri, Nov 6, 2026 Updated 10:25 PM IST
अपना इलाका

मिशन-2027 की बिसात! रामपुर जेल में बंद आजम खान से मिले अखिलेश यादव, 45 मिनट की सियासी ‘मुलाकात’ से यूपी में हलचल

2 weeks पहले

रामपुर/उत्तर प्रदेश: प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी मोड़ देखने को मिल रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को रामपुर जिला कारागार पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान से मुलाकात की। इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात के दौरान आजम खान के छोटे बेटे अदीब आजम भी सपा मुखिया के साथ मौजूद रहे। जेल प्रशासन की ओर से दोनों नेताओं की बातचीत के लिए ठीक 45 मिनट का समय तय किया गया था।करीब एक साल 14 दिन के लंबे अंतराल के बाद दोनों नेताओं के बीच यह बेहद खास मुलाकात हुई है। इससे पहले सपा प्रमुख 8 अक्टूबर 2025 को आजम खान से मिलने रामपुर पहुंचे थे। आगामी ‘मिशन-2027’ यानी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिहाज से इस मुलाकात को पश्चिमी यूपी और राज्य के राजनीतिक समीकरणों को साधने का एक बड़ा कदम माना जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि बंद कमरे में हुई इस बातचीत में मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठन के ढांचे और भविष्य की चुनावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई है।जेल में 45 मिनट की वार्ता पूरी करने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का आजम खान के आवास पर जाकर उनके परिवार के सदस्यों से मिलने का भी कार्यक्रम तय रहा। वहीं, इस वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए रामपुर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। जौहर यूनिवर्सिटी के हेलीपैड से लेकर जिला जेल और आजम खान के निजी आवास तक सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए गए थे। प्रमुख चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और किसी भी सुरक्षा चूक से बचने के लिए आसपास की ऊंची इमारतों से छतों के जरिए भी कड़ी निगरानी रखी गई।राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि चुनाव से ठीक पहले रामपुर जेल में हुई यह मुलाकात सपा के पारंपरिक वोट बैंक को लामबंद करने और मुस्लिम सियासत को नया संदेश देने का काम करेगी।

‘आजमगढ़ टाइम्स’ की खास अपील (पाठकों की राय): क्या आपको लगता है कि जेल में आजम खान और अखिलेश यादव की यह मुलाकात 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव का रुख मोड़ पाएगी? अपनी बेबाक राय नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर दर्ज करें!

ऐप खोलें