Sat, Nov 7, 2026 Updated 09:31 AM IST
अपना इलाका

धनतेरस पर चमका अतरौलिया का बाजार: सोने-चांदी और बर्तनों की जमकर खरीदारी, मिलावट के डर से बाजार की मिठाइयों से बनाई दूरी!

4 hours पहले

आजमगढ़ (अतरौलिया)। पावन पर्व धनतेरस के शुभ अवसर पर अतरौलिया नगर पंचायत समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सुबह से ही सर्राफा, बर्तन और गाड़ियों के शोरूम्स पर खरीदारों का हुजूम उमड़ पड़ा। शुभ मुहूर्त में खरीदारी की परंपरा को निभाते हुए क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखा गया।

धनतेरस पर परंपरागत रूप से धातु के सामान खरीदने के महत्व के चलते आभूषण और बर्तन की दुकानों पर ग्राहकों का तांता लगा रहा। दिवाली पूजन के लिए लोगों ने माता लक्ष्मी व भगवान गणेश की मूर्तियां और चांदी के सिक्कों की जमकर खरीदारी की। वहीं, दोपहिया वाहनों के शोरूमों में भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। अतरौलिया क्षेत्र के प्रमुख बाजारों—नंदना, मदियापार, भेदौरा, तेज़ापुर, छितौनी, भवनाथपुर और कनैला में पूरे दिन उत्सव सा माहौल और चहल-पहल कायम रही।

छापेमारी के असर से मिलावटी मिठाइयों पर लगा ‘ब्रेक’: इस बार के धनतेरस पर बाजार में एक बड़ा बदलाव भी देखने को मिला। जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी और सिंथेटिक मिठाइयों के खिलाफ लगातार की जा रही छापेमारी का सीधा असर दुकानों पर दिखाई दिया। मिलावट की आशंका और सेहत के प्रति बढ़ती सतर्कता के चलते कई लोगों ने बाजार की मिठाइयों से तौबा कर ली। अधिकांश ग्राहकों ने बाजार से रेडीमेड मिठाई खरीदने के बजाय घर पर ही शुद्ध मिठाइयां और व्यंजन तैयार करने को प्राथमिकता दी।

आपकी राय: इस दिवाली और धनतेरस पर क्या आपने भी सेहत को ध्यान में रखते हुए बाजार की मिठाइयों से दूरी बनाई है या घर की बनी मिठाइयों पर भरोसा जताया है? अपनी राय नीचे कमेंट सेक्शन में आजमगढ़ टाइम्स के साथ जरूर साझा करें!

ऐप खोलें