Sun, Nov 8, 2026 Updated 03:46 AM IST
अपना इलाका

दिवाली से पहले आजमगढ़ में खाद्य विभाग का महाछापा: 340 किलो दूषित मिठाई नष्ट, शाहगढ़ से निजामाबाद तक मिलावटखोरों में हड़कंप!

3 days पहले

आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। त्योहारों के सीजन में आजमगढ़ वासियों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘शुद्ध ही शुभ है’ विशेष अभियान के तहत बुधवार को जिले के मंदुरी, शाहगढ़, निजामाबाद, फूलपुर और लाटघाट समेत कई इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस दौरान भारी मात्रा में बिक रही दूषित मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया और सुधार न करने वाले कारोबारियों को सख्त चेतावनी दी गई।

सहायक आयुक्त खाद्य श्रवण कुमार मिश्र के नेतृत्व में निकली टीमों ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर कुल 17 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। जांच के दौरान लगभग 340 किलोग्राम दूषित व असुरक्षित मिठाई पाई गई, जिसे तत्काल प्रभाव से नष्ट करा दिया गया। मंदुरी स्थित एक मिठाई कारखाने से 65,625 रुपये मूल्य की 175 किलो छेने की मिठाई नष्ट कराई गई। वहीं शाहगढ़ में कार्रवाई करते हुए 43,750 रुपये की 125 किलो मिल्क केक को फेंकवाया गया। इसके अलावा निजामाबाद में 8,750 रुपये कीमत की 25 किलो गुलाब जामुन और फूलपुर में 5,625 रुपये की 15 किलो छेने की मिठाई को मानकों के विपरीत पाए जाने पर नष्ट किया गया।

टीम ने सदर क्षेत्र से बूंदी के लड्डू और चायपत्ती के 4 सैंपल भरे, जबकि सगड़ी तहसील के लाटघाट क्षेत्र से परवल की मिठाई का नमूना लिया गया। खाद्य विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। कई दुकानदार अपनी दुकानें समेटते नजर आए।

सहायक खाद्य आयुक्त (द्वितीय) सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि दिवाली अभियान के तहत जिले भर से अब तक 55 नमूने लिए जा चुके हैं। कार्रवाई के दौरान अब तक 25 किलो खोया, 95 किलो बूंदी लड्डू, 175 किलो छेने की मिठाई, 125 किलो मिल्क केक, 25 किलो गुलाब जामुन और 15 किलो छेने के रसगुल्ले समेत कई क्विंटल मिलावटी खाद्य सामग्री नष्ट की जा चुकी है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी नमूनों को जांच के लिए ‘राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला’ भेजा जा रहा है। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी दुकानदारों को साफ-सफाई रखने और शुद्ध सामान बेचने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

आजमगढ़ की जनता से सवाल: क्या आपको लगता है कि सिर्फ मिठाइयों को नष्ट करने और नोटिस देने से मिलावटखोरी रुकेगी, या ऐसे दुकानदारों को जेल भेजने जैसी सख्त सजा मिलनी चाहिए? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर दें!

ऐप खोलें