आजमगढ़/नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के सनसनीखेज मामले में अब उत्तर प्रदेश का नाम भी जुड़ गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसमें आजमगढ़ और सीतापुर की दो युवतियों सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर कथित तौर पर मुंबई तक हथियार पहुंचाने का गंभीर आरोप है।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में आजमगढ़ के कोठियार की रहने वाली बबीता (23) और सीतापुर के मिश्रिख थाना क्षेत्र के नहवइया की राधा (23) शामिल हैं। इनके अलावा हरियाणा के सोनीपत निवासी कुनाल (21) और सुमित (19) को भी दबोचा गया है। आरोप है कि इस पूरे नेटवर्क के तार अंडरवर्ल्ड और बड़े अपराधी गिरोहों से जुड़े हो सकते हैं। जांच में सामने आया है कि कुनाल ने अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस का इंतजाम किया था, जिसे इन युवतियों के जरिए मुंबई पहुंचाया गया।एन्क्रिप्टेड ऐप और अनिल पंडित का जाल:जांच एजेंसी का दावा है कि मुख्य आरोपी कुनाल कथित तौर पर अनिल पंडित नामक व्यक्ति के संपर्क में था। अनिल के निर्देश पर ही 15 अक्टूबर को कुनाल, राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा। बताया जा रहा है कि उस वक्त पिस्टल राधा के बैग में छिपाई गई थी। 17 अक्टूबर को दोनों युवतियां मुंबई के दादर पहुंचीं और वहां एक होटल में ठहरीं, जहां उन्होंने कथित तौर पर एक नाबालिग लड़के को हथियारों वाला बैग सौंप दिया। इसके ठीक अगले दिन यानी 18 अक्टूबर की शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया।फायरिंग के बाद भागने की थी फिराक:पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद जब शूटर मुंबई में फंस गए, तो कुनाल को उन्हें निकालने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी बीच राधा और बबीता हरिद्वार एक्सप्रेस से वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गईं, लेकिन 20 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। अदालत ने आरोपियों को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस (CID) को सौंप दिया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस साजिश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग या किसी अन्य बड़े सिंडिकेट का हाथ तो नहीं है।
आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: क्या आपको लगता है कि बड़े अपराधी अब पुलिस से बचने के लिए छोटे शहरों के युवाओं और महिलाओं को सॉफ्ट टारगेट बनाकर अपना मोहरा बना रहे हैं? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।टाइगर श्रॉफ फायरिंग कांड का आजमगढ़ कनेक्शन: हथियार सप्लाई करने वाली बबीता और राधा गिरफ्तार, मुंबई पुलिस ले गई साथ!
2 weeks पहले
