Sun, Nov 8, 2026 Updated 03:15 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़: सालों का अंधेरा और लो-वोल्टेज का दर्द खत्म! कोइलसा के हूंसेपुर सनूप में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 KVA का नया ट्रांसफार्मर तैनात

5 days पहले

आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। जिले के कोइलसा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा हूंसेपुर सनूप की मुसहर बस्ती के लोगों के लिए सोमवार की दोपहर बड़ी राहत लेकर आई। लंबे समय से लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली कटने की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब इस परेशानी से निजात मिल गई है। बिजली विभाग ने मुसहर बस्ती में बुनियादी बिजली ढांचे को दुरुस्त करते हुए बड़ा कदम उठाया है।

विभाग ने बस्ती में लगे वर्षों पुराने 10 केवीए (KVA) के छोटे ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 25 केवीए का नया और उच्च क्षमता वाला ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया है। केवल ट्रांसफार्मर ही नहीं, बल्कि सालों से लटके और हादसों को दावत दे रहे जर्जर बिजली के तारों को भी पूरी तरह से उखाड़कर नए और सुरक्षित तार बिछा दिए गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, बस्ती में बिजली का लोड लगातार बढ़ रहा था, जबकि ट्रांसफार्मर पुरानी क्षमता का ही लगा हुआ था। इसके कारण आए दिन बिजली गुल हो जाती थी और घरों में उपकरण सिर्फ शो-पीस बनकर रह गए थे। जर्जर तारों के टूटने से हमेशा बड़े हादसे की आशंका बनी रहती थी, जिसकी शिकायत लगातार की जा रही थी।

बिजली विभाग के अधिकारियों का दावा है कि 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगने और नई केबल बिछने से मुसहर बस्ती समेत आसपास के घरों को अब लो-वोल्टेज की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा और निर्बाध बिजली सप्लाई बहाल रहेगी।

आपकी राय: क्या आपके गांव या मोहल्ले में भी लो-वोल्टेज या जर्जर तारों की समस्या है? बिजली विभाग के इस कदम पर अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें!

ऐप खोलें