आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष की कथित मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से त्रस्त होकर एक विवाहिता ने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रानी की सराय थाना क्षेत्र के चकसेठवल गांव निवासी अमित यादव ने निजामाबाद थाने में तहरीर देकर अपनी बहन अंतिमा यादव की मौत के मामले में ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। अमित का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसकी बहन को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट भी की जाती थी। इसी प्रताड़ना से आजिज आकर अंतिमा ने विवश होकर जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर निजामाबाद पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मामले में ससुर रामचंद्र यादव, ननद पूजा यादव, गुंजा यादव, देवर आशीष यादव (सभी निवासी फरीदाबाद, थाना निजामाबाद) और ननदोई अमित यादव (निवासी रुदरी/सपहिया, थाना रानी की सराय) समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी और नामजद आरोपी ससुर रामचंद्र यादव को उसके गांव के पास से ही धर दबोचा। पुलिस का कहना है कि आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेजा जा रहा है, वहीं मामले के अन्य पहलुओं की गहन जांच जारी है।
आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: क्या सख्त कानूनों के बावजूद ससुराल में प्रताड़ना के मामलों में कमी न आना सामाजिक सोच की विफलता है? ऐसे मामलों को रोकने के लिए समाज और प्रशासन को क्या कड़े कदम उठाने चाहिए? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर दें।
