Sat, Nov 7, 2026 Updated 09:18 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में शादी का झांसा और अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग! देवगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गाजीपुर का 19 वर्षीय शातिर सनी गिरफ्तार

2 hours पहले

आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। जनपद के देवगांव थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर युवती का शोषण करने और नहाते समय उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी पड़ोस के गाजीपुर जिले का रहने वाला है, जो अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र स्थित सलेमपुर बघाई गांव निवासी सनी (उम्र 19 वर्ष) पर आरोप है कि उसने आजमगढ़ की एक युवती को अपनी बातों में फंसाया और शादी का झांसा देकर कथित तौर पर उसके साथ संबंध बनाए। आरोप यह भी है कि इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता की सहमति के बिना, नहाते समय उसका एक निजी वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद आरोपी का असली चेहरा सामने आया और वह वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।

29 सितंबर को दर्ज हुआ था गंभीर धाराओं में केस: प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने देवगांव थाने में न्याय की गुहार लगाई थी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 29 सितंबर 2026 को आरोपी सनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 77 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस हरकत में आई। देवगांव थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह यादव ने अपनी टीम के साथ शुक्रवार को सटीक सूचना पर जिवली तिराहे से आरोपी सनी को दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को सलाखों के पीछे भेजने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

आजमगढ़ टाइम्स की पाठकों से राय: शादी का झांसा देकर और निजी वीडियो बनाकर लड़कियों को ब्लैकमेल करने वाले ऐसे मानसिक अपराधियों के खिलाफ प्रशासन को क्या सख्त से सख्त कदम उठाने चाहिए? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें!

ऐप खोलें