Sun, Nov 8, 2026 Updated 01:35 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में रफ्तार का खूनी खेल: ओवरटेक के चक्कर में कार ने टेंपो को मारी जोरदार टक्कर, 3 की दर्दनाक मौत, 7 लोग अस्पताल में भर्ती!

1 day पहले

आजमगढ़। रफ्तार की सनक और ओवरटेक की होड़ ने शुक्रवार को एक बार फिर हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां छीन लीं। आजमगढ़ जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बेलसिया गांव के पास एक बेकाबू स्विफ्ट कार ने आगे चल रहे टेंपो में कथित तौर पर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तेज धमाके के साथ टेंपो के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गया। इस खौफनाक हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ऑटो चालक मुस्तकीन (23) अंबारी बाजार से सवारियां बैठाकर शाहगंज की तरफ जा रहा था। वह जैसे ही अंबारी पुलिस चौकी से महज 300 मीटर दूर बेलसिया गांव के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने ओवरटेक करने की कोशिश में टेंपो को पीछे से उड़ा दिया। टक्कर होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर खून से लथपथ लोग तड़पने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस और अंबारी चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फूलपुर भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने इलाज के दौरान फूलपुर के मकसुदिया गांव निवासी प्रमिला (51) पत्नी स्व. राजनाथ चौहान और नियाउज गांव निवासी दिनेश (45) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पवई थाना क्षेत्र के करौजा गांव निवासी अंतरधयानी (60) पत्नी रामलवटन गौड़ ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में टेंपो चालक मुस्तकीन और यात्री मोहम्मद अशरफ (38) के अलावा कार सवार चार युवक—मो. अतहर (19), मो. उमैर (17), यूसुफ (19) और शादान (17) घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही फूलपुर कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह ने अस्पताल और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस हादसे ने दो परिवारों को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है। मृतका प्रमिला के पति की दो साल पहले कैंसर से मौत हो चुकी थी। अब मां का साया उठने से उनके चार बच्चे—योगेंद्र (20), नागेंद्र (18), करीना (17) और रबीना (16) अनाथ हो गए हैं। वहीं मृतक दिनेश की मौत से उनकी पत्नी प्रियंका बदहवास हैं और मृतका अंतरधयानी अपने पीछे 5 बेटियों को रोता-बिलखता छोड़ गई हैं।

‘आजमगढ़ टाइम्स’ का सवाल: ओवरटेक करने की होड़ और बेलगाम रफ्तार रोजाना निर्दोष लोगों की जान ले रही है। सड़कों पर यमराज बन दौड़ रहे ऐसे बेकाबू चालकों और ओवरस्पीडिंग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को क्या सख्त कदम उठाने चाहिए? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें।

ऐप खोलें