Sun, Nov 8, 2026 Updated 03:47 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में पुरानी रंजिश का खूनी खेल: बीच राह बाइक रोककर युवक पर किया था जानलेवा हमला, पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर आरोपी!

3 days पहले

आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। जनपद के बरदह थाना क्षेत्र में पुरानी दुश्मनी को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कानून-व्यवस्था को चुनौती देकर बीच राह वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

मामले की जानकारी के अनुसार, कोदहरा गांव के रहने वाले रमजान उर्फ नीक्कू (पुत्र स्व. अब्बास) ने बीते 3 नवंबर को बरदह थाने में लिखित तहरीर दी थी। पीड़ित के मुताबिक, वह अपने साथी शहबाज के साथ बाइक से बरदह बाजार से वापस घर लौट रहा था। आरोप है कि जैसे ही वे बरदह नहर के रास्ते ईंट-भट्ठे के पास पुलिया पर पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनकी बाइक रोककर चाबी निकाल ली। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने उन पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे रमजान गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मामले के विवेचक सब-इंस्पेक्टर उमेश कुमार सिंह ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चौराहे के पास से दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आदर्श सिंह (निवासी कनकपुर, थाना लाइन बाजार, जौनपुर) और रोहित यादव उर्फ बुलबुल (निवासी सतैनी, थाना बरदह, आजमगढ़) के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जौनपुर निवासी आरोपी आदर्श सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है, जहाँ से उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है। मामले में शामिल अन्य अज्ञात आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।

आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: पुरानी रंजिश में सरेराह होने वाली ऐसी हिंसक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन को और क्या कड़े कदम उठाने चाहिए? अपनी राय कमेंट करके जरूर बताएं।

ऐप खोलें