Sat, Nov 7, 2026 Updated 09:52 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में दर्दनाक हादसा: पुराने कुएं के पास ब्रश कर रही 11 साल की मासूम को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

2 weeks पहले

आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। हठौता गांव में बुधवार की सुबह एक 11 वर्षीया मासूम बच्ची सर्पदंश (सांप के काटने) का शिकार हो गई। गंभीर हालत में परिजनों ने बच्ची को इलाज के लिए पड़ोसी जिले मऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर शाम उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हठौता गांव के निवासी संजय यादव की 11 वर्षीया पुत्री कुसुमांजलि यादव कक्षा चार की छात्रा थी। बुधवार की सुबह वह रोजाना की तरह अपने घर के पास स्थित एक पुराने कुएं के नजदीक खड़ी होकर ब्रश कर रही थी। इसी दौरान कुएं या आसपास की जगह छिपे किसी जहरीले सांप ने उसे डंस लिया।

सांप के काटने के कुछ ही देर बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में कुसुमांजलि को मऊ जनपद के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन देर शाम इलाज के दौरान उसकी सांसें थम गईं। बताया जा रहा है कि मृतका दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। मासूम की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: ग्रामीण इलाकों में पुराने और लावारिस पड़े कुएं अक्सर जहरीले जीवों का ठिकाना बन जाते हैं। क्या ऐसे कुओं को ढकने या सुरक्षित करने के लिए गांव के स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए? अपनी राय कमेंट करके जरूर दें।

ऐप खोलें