आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स): जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में सड़क पर सरेआम दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ रोहुआ और गोमाडीह के बीच एक पेट्रोल पंप के पास एक परिवार के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित भी किया गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऊबारपुर लखमीपुर गांव के निवासी मुकेश कुमार अपनी पत्नी और दो छोटी बच्चियों के साथ बाइक पर सवार होकर ससुराल जा रहे थे। आरोप है कि तभी सामने से तेज रफ्तार बुलेट लेकर आ रहे विवेकानंद राय (पुत्र दिनेश राय, निवासी गोमाडीह) ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
पीड़ित मुकेश कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने टक्कर का विरोध किया, तो बुलेट सवार विवेकानंद राय आगबबूला हो गए। आरोप के मुताबिक, दबंग ने बीच सड़क पर पूरे परिवार को भद्दी-भद्दी गालियां दीं और कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मुकेश और उनकी पत्नी पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। इस हमले में मुकेश, उनकी पत्नी और दोनों मासूम बच्चियों को चोटें आई हैं। पीड़ित का यह भी आरोप है कि हमलावर ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गोसाई की बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अश्वनी मिश्रा ने बताया कि पीड़ित महिला की ओर से पुलिस को तहरीर मिल चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और वायरल वीडियो व तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आजमगढ़ टाइम्स सवाल: क्या आपको लगता है कि सड़क पर होने वाले ऐसे विवादों में ‘दबंगई’ दिखाना अब एक ट्रेंड बन गया है? ऐसे हमलावरों के खिलाफ प्रशासन को क्या कदम उठाने चाहिए? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।
