Sun, Nov 8, 2026 Updated 01:36 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ का बजा पूरे यूपी में डंका! वृद्धावस्था पेंशन वितरण की टॉप-10 लिस्ट में पाया दूसरा स्थान, देखें पूर्वांचल का दबदबा

1 day पहले

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार की वृद्धावस्था पेंशन योजना के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर आजमगढ़ जनपद ने पूरे प्रदेश में अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है। शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पेंशन वितरण की राज्यस्तरीय रैंकिंग में आजमगढ़ ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है।

जारी आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में कुल 67.50 लाख (67 लाख 50 हजार) पात्र बुजुर्गों को हर महीने 1,000 रुपये की दर से आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस योजना के तहत आजमगढ़ जिले के 1,97,129 बुजुर्ग लाभार्थियों के खातों में नियमित पेंशन भेजी जा रही है, जिसके बल पर आजमगढ़ ने यह बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।

पूर्वांचल के जिलों का दिखा दबदबा: प्रदेश की इस रैंकिंग में पूर्वांचल के जनपदों ने शानदार प्रदर्शन किया है। पड़ोसी जिला जौनपुर 2,24,345 पेंशनर्स के साथ पूरे राज्य में पहले पायदान पर रहा। वहीं, 1,72,917 लाभार्थियों के साथ गोरखपुर तीसरे स्थान पर अपनी जगह बनाने में कामयाब रहा। इसके अलावा, 1,69,161 पेंशनर्स के साथ गाजीपुर चौथे और 1,68,241 लाभार्थियों के साथ बलिया छठे स्थान पर रहा।

योजना की प्रगति पर संतोष जताते हुए समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार बुजुर्गों की सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा को लेकर बेहद संवेदनशील है। उन्होंने बेहतर समन्वय और तत्परता के साथ कार्य करने वाले टॉप-10 जनपदों की टीमों के प्रदर्शन को अत्यंत सराहनीय बताया।

आजमगढ़ टाइम्स की ग्राउंड रिपोर्ट पर आपकी राय: क्या आपके गांव या मोहल्ले में पात्र बुजुर्गों को समय पर वृद्धावस्था पेंशन की राशि मिल रही है या उन्हें अभी भी सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं? अपनी राय और अनुभव नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें!

ऐप खोलें