Sun, Nov 8, 2026 Updated 01:37 AM IST
अपना इलाका

अतरौलिया में बड़ा हादसा: नए घर की खुशियों पर फिरा पानी, चैनल गेट में उतरे करंट ने ली मां की जान, मासूम बच्चों के सिर से उठा ममता का साया!

6 days पहले

आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के बसहिया पुरवा गांव में रविवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक नवनिर्मित मकान की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब घर की सफाई कर रही एक 35 वर्षीय महिला की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, बसहिया पुरवा निवासी जोखू शर्मा की पत्नी रविवार सुबह अपने नए बने मकान में झाड़ू-पोछा कर रही थीं। बताया जा रहा है कि काम के दौरान उनका हाथ अचानक मकान के लोहे के चैनल गेट से छू गया। कथित तौर पर चैनल गेट में बिजली का करंट उतरा हुआ था, जिसकी चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

दो मासूम बच्चों के सिर से छिना मां का आंचल
मृतका के पति जोखू शर्मा, जो पेशे से नाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, इस घटना के बाद पूरी तरह टूट चुके हैं। इस हादसे ने 13 वर्षीय बेटी माला और 7 वर्षीय बेटे शिवा शर्मा के सिर से मां का साया हमेशा के लिए छीन लिया है। मां की असमय मौत से बिलख रहे बच्चों को देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। अतरौलिया थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि मृतका के पति जोखू शर्मा ने थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर नवनिर्मित मकान के गेट में करंट कैसे उतरा।

आजमगढ़ टाइम्स की अपील: बरसात के मौसम या सीलन वाले मकानों में बिजली के उपकरणों और लोहे के गेट आदि की जांच जरूर करवाएं, ताकि ऐसी अनहोनी को रोका जा सके।

पाठकों से सवाल: बिजली विभाग और वायरिंग में लापरवाही के कारण होने वाले इन हादसों के लिए आप किसे जिम्मेदार मानते हैं? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।

ऐप खोलें