Sat, Nov 7, 2026 Updated 02:13 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार लहूलुहान, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

2 weeks पहले

आजमगढ़: जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आजमगढ़-जौनपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। गंभीरपुर बाजार में पोस्ट ऑफिस के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में बाइक सवार युवक कथित तौर पर बुरी तरह घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जानकीपुर गांव निवासी अवनीश कुमार राय (44) पुत्र जगदंबा राय शनिवार दोपहर करीब 3 बजे जौनपुर की दिशा से अपनी बाइक पर सवार होकर आजमगढ़ की ओर आ रहे थे। जैसे ही वह गंभीरपुर बाजार स्थित पोस्ट ऑफिस के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अवनीश सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की सक्रियता से घायल अवनीश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मुहम्मदपुर पहुंचाया गया। वहां तैनात डॉक्टर संतोष सरोज ने घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ फिलहाल उनका उपचार चल रहा है।

इस पूरे मामले पर गंभीरपुर पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से मामले में कोई लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलते ही नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

आजमगढ़ टाइम्स आपसे पूछता है: आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन को क्या कदम उठाने चाहिए? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें।

ऐप खोलें