Sat, Nov 7, 2026 Updated 08:42 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़: लाटघाट का ऐतिहासिक दुर्गा मेला आज, 8 भव्य पंडालों से जगमगाया बाजार, रूट डायवर्जन लागू

1 week पहले

आजमगढ़। जिले के सगड़ी तहसील अंतर्गत लाटघाट बाजार में शुक्रवार को लगने वाले ऐतिहासिक दुर्गा मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले से एक दिन पहले गुरुवार दोपहर पूजन-अर्चन के बाद आठ प्रमुख पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं के पट खोल दिए गए। इसके साथ ही शाम होते ही पूरा बाजार रंग-बिरंगी दूधिया रोशनी से जगमगा उठा और श्रद्धालुओं का दर्शन-पूजन के लिए तांता लग गया।

जीयनपुर-दोहरीघाट मुख्य मार्ग पर स्थित इस ऐतिहासिक मेले का क्षेत्रीय लोग वर्ष भर बेसब्री से इंतजार करते हैं। मेले में करीब 10 किलोमीटर के दायरे से हजारों की संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण पहुंचते हैं। सड़क की दोनों पटरियों से लेकर पूजा पंडालों तक की गई आकर्षक बिजली की सजावट लोगों का मन मोह रही है। दूर-दराज से आए दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजा ली हैं, जिससे लाटघाट क्षेत्र में खासी चहल-पहल देखने को मिल रही है।

मनोरंजन के लिए बिरहा का भव्य आयोजन
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों के मनोरंजन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अमिला रोड और जीयनपुर रोड पर स्थित दुर्गा पूजन समितियों की ओर से पारंपरिक “बिरहा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, दोपहर से लागू होगा रूट डायवर्जन
मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा के मद्देनजर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए जीयनपुर-दोहरीघाट मुख्य मार्ग पर शुक्रवार दोपहर से लेकर देर रात तक भारी और हल्के वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा।

क्या आप भी लाटघाट के इस ऐतिहासिक मेले में दर्शन करने जा रहे हैं? मेले की व्यवस्था और तैयारियों पर आपकी क्या राय है? कमेंट में जरूर बताएं!

ऐप खोलें