Sun, Nov 8, 2026 Updated 06:08 PM IST
अपना इलाका

दिल्ली से आजमगढ़ आ रही 120 यात्रियों से भरी बस एक्सप्रेस-वे पर पलटी: त्योहार पर घर लौट रहे 8 लोग गंभीर, मची चीख-पुकार!

2 hours पहले

आजमगढ़। दीपावली पर दिल्ली से अपने गांव-घर आजमगढ़ लौट रहे प्रवासियों के लिए शनिवार-रविवार की आधी रात काल बनकर आई। दिल्ली के कश्मीरी गेट से आजमगढ़ के लिए निकली 120 यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस संभल जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसे का शिकार होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में आजमगढ़ के रहने वाले 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि कई अन्य को हल्की चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा बहजोई थाना क्षेत्र के करीमपुर गांव के पास रात करीब 2:30 बजे हुआ। बस संख्या “BR 02 PC 6363” में करीब 120 यात्री सवार थे, जो दिल्ली से अपने घर आजमगढ़ आ रहे थे। रास्ते में एक होटल पर खाना खाने के बाद जैसे ही बस आगे बढ़ी, कथित तौर पर ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई। तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे के वक्त बस में सवार ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे। बस पलटते ही अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों ने एक-दूसरे की मदद से बाहर निकलना शुरू किया। हादसे में घायल होने वालों में गुड्डू पाल (24), पप्पू (22), नीरज (25), बलवंत (29), सूरज प्रकाश (31), सूरज (34), विजेंद्र गौड़ (50) और अवनीश (30) शामिल हैं। ये सभी आजमगढ़ जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं। घायल गुड्डू पाल ने बताया कि वे दिल्ली में वेल्डिंग का काम करते हैं और त्योहार पर घर लौट रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए हाइड्रा मशीन की मदद से पलटी हुई बस को सीधा कराया। इसके बाद यूपीड़ा (UPIDA) एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

‘आजमगढ़ टाइम्स’ का सवाल: त्योहारों के दौरान प्राइवेट बसों में ओवरलोडिंग और चालकों की थकान के कारण अक्सर ऐसे हादसे होते हैं। प्रवासियों की सुरक्षित यात्रा के लिए प्रशासन को क्या कड़े नियम बनाने चाहिए? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर लिखें।

ऐप खोलें