Sat, Nov 7, 2026 Updated 04:23 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ के गुरुटोला में ‘मौत का खंभा’: 11 हजार वोल्ट का पोल नीचे से गला, क्या किसी बड़े हादसे के इंतजार में है बिजली विभाग?

2 weeks पहले

आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। बिजली विभाग की घोर लापरवाही का एक ऐसा संवेदनहीन चेहरा सामने आया है, जो कभी भी किसी बड़ी त्रासदी का सबब बन सकता है। शहर के बेहद व्यस्त इलाके में 11,000 वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली सप्लाई दे रहा लोहे का एक खंभा जंग की वजह से पूरी तरह गल चुका है और नीचे से बिल्कुल खोखला हो गया है। बावजूद इसके, जिम्मेदार महकमा कोई बड़ा हादसा होने का इंतजार कर रहा है।

पूरा मामला गुरुटोला इलाके का है। यहाँ सुदर्शन अग्रवाल के गेट के ठीक पास स्थित 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का पोल इस कदर जर्जर हो चुका है कि यह किसी भी वक्त जमींदोज हो सकता है। पोल से जुड़ा बिजली का बॉक्स भी टूटकर लटक रहा है, जिसमें से जानलेवा नंगे तार बाहर की तरफ झूल रहे हैं। पोल के बिल्कुल बगल में खुला नाला और पसरी गंदगी इस खतरे को कई गुना और बढ़ा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह एक मुख्य बजारी सड़क है, जहाँ से हर दिन सैकड़ों बेखबर राहगीर, स्कूली बच्चे और गाड़ियाँ गुजरती हैं। नागरिकों ने इस जर्जर पोल को हटवाने के लिए बिजली विभाग के जिम्मेदार अफसरों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दीं, लेकिन महकमे ने अब तक इस गंभीर खतरे को पूरी तरह से नजरअंदाज कर रखा है।

अब सवाल यह उठता है कि क्या बिजली महकमा किसी मासूम की जान जाने के बाद ही नींद से जागेगा? अगर 11 हजार वोल्ट की यह बिजली लाइन चालू हालत में गिरती है, तो इसका जिम्मेदार कौन होगा?

पाठक अपनी राय दें: क्या आजमगढ़ बिजली विभाग की इस खतरनाक लापरवाही पर उच्च अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई नहीं करनी चाहिए? क्या आपके इलाके में भी ऐसी कोई जनसमस्या है? नीचे कमेंट बॉक्स में अपनी बात जरूर लिखें और इस खबर को शेयर करके सोए हुए प्रशासन को जगाएं!

ऐप खोलें