Sat, Nov 7, 2026 Updated 01:27 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़: रैदोपुर ई-टाइप कॉलोनी में कचरे से पटा नाला, नगर पालिका की लापरवाही से कर्मचारियों के परिवारों का जीना मुहाल!

2 weeks पहले

आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। शहर के रैदोपुर वार्ड स्थित ई-टाइप कॉलोनी इस समय प्रशासनिक उपेक्षा और बदहाली का दंश झेल रही है। कॉलोनी से गुजरने वाला कच्चा नाला पूरी तरह से ठोस कचरे और गंदगी से पट चुका है। नाले के चोक होने से न केवल बदबू का साम्राज्य फैल रहा है, बल्कि आसपास संक्रामक बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है।

कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों का आरोप है कि उन्होंने नाले की सफाई और जल निकासी को दुरुस्त करने के लिए नगर पालिका प्रशासन से कई बार गुहार लगाई। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बाद भी अब तक सफाई का कोई काम शुरू नहीं कराया गया, जिससे नगर पालिका की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

नाले में जमा गंदगी के कारण कॉलोनी के कर्मचारियों और उनके मासूम बच्चों का सांस लेना भी दूभर हो गया है। जगह-जगह बिखरते कचरे ने पूरी कॉलोनी को नारकीय स्थिति में धकेल दिया है। कर्मचारियों ने नगर पालिका प्रशासन को चेताते हुए नाले की तत्काल और नियमित सफाई कराने तथा जल निकासी की स्थाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है।

जन-अदालत: क्या आपके इलाके में भी नगर पालिका की सफाई व्यवस्था का यही हाल है? जन समस्याओं पर अधिकारियों की इस चुप्पी पर आपकी क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं!

ऐप खोलें