Fri, Nov 6, 2026 Updated 09:30 PM IST
अपना इलाका

बड़ी खबर: अग्निवीरों को लेकर सरकार के फैसले से आज़मगढ़ के युवाओं में भारी उत्साह, मैदानों में फिर गूंजने लगे “भारत माता की जय” के नारे

2 days पहले

आज़मगढ़: जनपद के उन हज़ारों युवाओं के लिए एक बड़ी उम्मीद की किरण जागी है, जो दिन-रात पसीना बहाकर भारतीय सेना की वर्दी पहनने का सपना देख रहे हैं। केंद्रीय कैबिनेट द्वारा कथित तौर पर अग्निवीरों को स्थायी करने के फैसले की मंजूरी मिलने की खबर जैसे ही सोशल मीडिया और समाचारों के जरिए आज़मगढ़ के गांवों और खेल के मैदानों तक पहुँची, सेना भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

रानी की सराय थाना क्षेत्र के सेठवल और बड़ैलाताल जैसे इलाकों में, जहाँ से हर साल दर्जनों जांबाज देश की सीमा पर तैनात होते हैं, वहाँ बुधवार को माहौल बदला-बदला नज़र आया। भर्ती की तैयारी कर रहे युवा बृजेश कुमार ने उत्साह जताते हुए कहा कि “इस आदेश के बाद अब युवा सेना के विभिन्न पदों के लिए अपनी तैयारी को और ज़्यादा धार देंगे।” युवाओं का मानना है कि सरकार के इस कदम से देश के नौजवानों में एक नया संचार होगा और वे अब बेफ़िक्र होकर सेना में अपना करियर देख सकेंगे।

हालांकि, उत्साह के साथ-साथ कुछ मांगें भी बरकरार हैं। तैयारी में जुटे संदीप सिंह का कहना है कि “पुरानी भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह बहाल किया जाना चाहिए।” वहीं, रमेशचंद्र ने बताया कि “अग्निवीर योजना लागू होने के बाद मैदानों में युवाओं की भीड़ कम होने लगी थी, लेकिन इस नए आदेश के बाद फिर से मैदान गुलजार होंगे और युवाओं की तैयारी गति पकड़ेगी।”

सेना से सेवानिवृत्त रजनीश राय ने इस फैसले पर अपनी राय रखते हुए कहा कि “बीच में युवाओं में थोड़ी निराशा और भविष्य को लेकर चिंता देखी गई थी, लेकिन अब वे फिर से नए जोश के साथ मैदान में दिखेंगे क्योंकि अब जवान अपनी सर्विस एक ही विभाग में पूरी कर सकेगा।”

यही उत्साह बिलरियागंज के बघैला मैदान में भी देखने को मिला। यहाँ अभ्यास कर रहे आलोक यादव और प्रियांशु यादव ने कहा कि “सरकार के इस फैसले से युवाओं का रुझान सेना की तरफ फिर से तेज़ी से बढ़ेगा और सीधे सेना में भर्ती होने का अवसर मिलेगा।” वहीं दुर्गेश यादव और अंश यादव ने इसे आज़मगढ़ के युवाओं के लिए एक “वरदान” और “स्वागत योग्य” कदम करार दिया है।

आजमगढ़ टाइम्स सवाल: क्या आपको लगता है कि सरकार के इस फैसले के बाद सेना भर्ती को लेकर युवाओं का पुराना जोश वापस लौट आएगा? अपनी राय कमेंट बॉक्स में ज़रूर दें।

ऐप खोलें