Mon, Nov 9, 2026 Updated 02:02 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर रफ्तार का कहर: अनियंत्रित पिकअप ने पैदल जा रहे युवक को मारी जोरदार टक्कर, सिर में गंभीर चोट

5 hours पहले

आजमगढ़। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर रविवार की दोपहर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाड़ीह गांव स्थित बनदास तिराहे के पास एक अनियंत्रित पिकअप ने सड़क पार कर रहे पैदल युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बालडीह गांव निवासी 40 वर्षीय साहबराज (पुत्र पातीराम) किसी काम से गोमाड़ीह गए हुए थे। दोपहर करीब 2 बजे जब वह काम निपटाकर अपने घर लौटने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक आई पिकअप गाड़ी संख्या “UP 60 AT 0265” ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि साहबराज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायल साहबराज को एक मैजिक वाहन के जरिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। इस संबंध में गोसाईं की बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अश्वनी मिश्रा ने बताया कि घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस को मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलते ही आरोपी वाहन और चालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आपकी राय: आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और तेज रफ्तार वाहनों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन को क्या कदम उठाने चाहिए? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें!

ऐप खोलें