Sat, Nov 7, 2026 Updated 10:04 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में सनसनी: पहाड़पुर में बीच-बचाव करने पर युवक की गर्दन में घोंपा चाकू, हालत नाजुक; पुलिस ने दो को दबोचा

1 week पहले

आजमगढ़: जिले के शहर कोतवाली अंतर्गत पहाड़पुर मोहल्ले में शुक्रवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। मामूली विवाद में बीच-बचाव करना एक युवक को इतना भारी पड़ा कि हमलावरों ने उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। फिलहाल घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर निवासी गुड्डू कुमार सोनकर का भाई मनोज सोनकर शुक्रवार शाम अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान दुकान के पास राहुल मोदनवाल और एक अज्ञात व्यक्ति के बीच मारपीट हो रही थी। बताया जा रहा है कि मनोज ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग करा दिया था, लेकिन यही बात आरोपियों को नागवार गुजरी।

आरोप है कि कुछ देर बाद राहुल मोदनवाल हाथ में धारदार चाकू लेकर दोबारा वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के मुताबिक, मिंटू और उसके दामाद अमित मोदनवाल के कथित उकसावे पर राहुल ने मनोज की गर्दन पर चाकू से जोरदार हमला कर दिया। हमले के बाद मनोज गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा, जिसे उसके मित्र संगम ने आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी शुभम तोदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुकान लगाने के विवाद को लेकर यह मारपीट हुई थी। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर राहुल मोदनवाल, मिंटू मोदनवाल और अमित मोदनवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और अन्य की तलाश जारी है।

आजमगढ़ टाइम्स सवाल: क्या आज के दौर में किसी के झगड़े में बीच-बचाव करना अपनी जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है? बेखौफ होते अपराधियों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन को और क्या कड़े कदम उठाने चाहिए? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।

ऐप खोलें