आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। जिले के नागरिकों की दैनिक समस्याओं का समाधान करने और स्थानीय हुनरमंदों को सीधे रोजगार से जोड़ने के लिए सेवायोजन विभाग ने एक बड़ी पहल की है। उत्तर प्रदेश में सेवा क्षेत्र के आर्थिक विकास को रफ्तार देने के मकसद से विकसित किए गए “सेवामित्र पोर्टल” के दायरे को बढ़ा दिया गया है। इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य सेवा प्रदाताओं (सर्विस प्रोवाइडर) और उपभोक्ताओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाकर पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
सहायक निदेशक (सेवायोजन) द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, अब लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। “सेवामित्र” पोर्टल पर पूर्व से संचालित इलेक्ट्रिक, प्लंबर, पेंटिंग, एसी रिपेयरिंग, टीवी मैकेनिक और पैथोलॉजी जांच जैसी 27 प्रमुख सेवाओं के साथ-साथ अब प्रोजेक्ट आधारित सेवाएं (Project Work Based Services) भी शुरू कर दी गई हैं। इस कदम से जिले के लोगों को एक ही जगह पर कुशल कारीगरों की सेवाएं घर बैठे मिल सकेंगी।
स्थानीय कारीगरों और फर्मों के लिए बड़ा मौका: विभाग ने जिले के सभी इच्छुक सेवा प्रदाताओं से इस योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया है। ऐसे स्थानीय मिस्त्री, कारीगर या व्यावसायिक फर्म जो आम जनता को उनके दरवाजे तक सेवाएं देने में सक्षम हैं, वे किसी भी कार्यदिवस (Working Day) में अपने दस्तावेज और फॉर्म लेकर क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। वहां पंजीकरण कराकर वे सीधे पोर्टल के माध्यम से काम पा सकते हैं।
आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है: क्या आपको लगता है कि “सेवामित्र” पोर्टल जैसी डिजिटल व्यवस्था से आजमगढ़ के स्थानीय कारीगरों को बेहतर रोजगार मिलेगा और बिचौलियों का खेल खत्म होगा? नीचे कमेंट बॉक्स में अपनी राय जरूर साझा करें!
