आजमगढ़ (जीयनपुर): जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सेंट जेवियर स्कूल के सामने एक निजी स्कूल की बस और बाइक में हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद टाइल्स मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लग गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के दाउदपुर गांव निवासी मुकेश राजभर (26) पुत्र विक्रम राजभर, टीमल पट्टी (ग्राम पंचायत जोगियाबीर) निवासी टाइल्स मिस्त्री मानिकचंद चौहान (40) पुत्र डेभा चौहान के साथ बाइक से टाइल्स खरीदकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि सेंट जेवियर स्कूल के पास सामने से आ रही एक निजी स्कूल की बस ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। इस हादसे में मुकेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मानिकचंद बुरी तरह जख्मी हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने घायल मिस्त्री को तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाटघाट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मानिकचंद की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने मृतक मुकेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सपनों का घर बनवाने दिल्ली से आया था मुकेश:
घटना के बाद से मृतक के गांव दाउदपुर में सन्नाटा पसरा है और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मुकेश दिल्ली में रहकर एक निजी नौकरी करता था और इन दिनों गांव में अपना नया मकान बनवा रहा था। मकान में टाइल्स लगाने की तैयारी के तहत ही वह मिस्त्री के साथ सामान खरीदने निकला था, लेकिन किसे मालूम था कि यह सफर उसका आखिरी सफर बन जाएगा। मुकेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था, जबकि उसका छोटा भाई रामकेश इजराइल में नौकरी करता है। मुकेश की चार बहनों में दो की शादी हो चुकी है। बेटे की असमय मौत से मां सेवती देवी और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जीयनपुर पुलिस के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने के आधार पर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
‘आजमगढ़ टाइम्स’ का सवाल: सड़कों पर दौड़ती स्कूल बसों की अनियंत्रित रफ्तार और लापरवाही पर आखिर प्रशासन कब नकेल कसेगा? अपनी राय कमेंट करके जरूर बताएं।
