आजमगढ़: सरायमीर रेलवे स्टेशन पर सफर करने वाले यात्रियों और विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। प्लेटफॉर्म बदलने के लिए जान जोखिम में डालकर पटरी पार करने की मजबूरी अब जल्द ही खत्म होने वाली है। रेलवे प्रशासन ने सरायमीर स्टेशन पर दिव्यांगों और बुजुर्गों की सहूलियत के लिए एक आधुनिक “रैंप फुट ओवरब्रिज” के निर्माण को हरी झंडी दे दी है।
रेलवे विभाग की ओर से इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए लगभग 1 करोड़ रुपये का बजट पास कर दिया गया है। प्रशासनिक प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल टेंडर की प्रक्रिया चल रही है और सभी कागजी औपचारिकताएं पूरी होते ही, यानी लगभग एक महीने के भीतर निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा।
आपको बता दें कि सरायमीर रेलवे स्टेशन पर दो प्लेटफॉर्म हैं, जहां से रोजाना कैफियात एक्सप्रेस, गोदान एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, उत्सर्ग एक्सप्रेस और सरयू-यमुना एक्सप्रेस जैसी कई बड़ी और महत्वपूर्ण ट्रेनें गुजरती हैं। स्टेशन पर पहले से एक फुट ओवरब्रिज तो मौजूद है, लेकिन उसमें सीढ़ियां होने के कारण दिव्यांग यात्रियों के लिए उसका इस्तेमाल करना बेहद कठिन होता है। इसके चलते लोगों को मजबूरी में पटरी पार करनी पड़ती है और कई बार तो तीमारदार दिव्यांगों को गोद में उठाकर प्लेटफॉर्म बदलते देखे गए हैं।
स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग और यात्रियों की तकलीफों को देखते हुए रेलवे ने रैंप ओवरब्रिज का प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा था, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी है। इस रैंप के बन जाने से व्हीलचेयर सवार दिव्यांगों, बुजुर्गों और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी।
आजमगढ़ टाइम्स की नजर से: क्या आपको लगता है कि आजमगढ़ जिले के अन्य छोटे रेलवे स्टेशनों पर भी दिव्यांगों के लिए इस तरह की सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर तुरंत शुरू की जानी चाहिए? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें!
