Fri, Nov 6, 2026 Updated 07:18 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में 633 जोड़ों की गूंजी शहनाई: नेताओं ने फेरा मुंह तो अफसरों ने संभाली कमान, जानिए हर जोड़े पर कितना हुआ खर्च!

1 day पहले

आजमगढ़। जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक भव्य वैवाहिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 633 से अधिक जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की। वैदिक मंत्रोच्चार और पवित्र अग्नि को साक्षी मानकर इन सभी जोड़ों के सात फेरे करवाए गए। इस आयोजन में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम से पूरी तरह किनारा कर लिया, जिसके बाद जिले के आला अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला।

कार्यक्रम में आजमगढ़ के जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अफसरों ने ही अभिभावक की भूमिका निभाते हुए नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उपहार भेंट किए। जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी के बावजूद प्रशासनिक मुस्तैदी से पूरा आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हुआ।

प्रति जोड़े पर 1 लाख रुपये का बजट
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल 1 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शादी के बाद दुल्हन के बैंक खाते में 64,000 रुपये की राशि सीधे आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से ट्रांसफर की जा रही है।

21 हजार रुपये का घरेलू सामान और उपहार
नवेली दुल्हन की गृहस्थी शुरू कराने के लिए हर जोड़े को 21,000 रुपये मूल्य का सामान दिया गया। उपहारों की सूची में 5 साड़ी का सेट, चुनरी, दूल्हे के लिए पैंट-शर्ट का कपड़ा, गमछा, दीवार घड़ी, प्रेशर कुकर, कढ़ाई, 8 किलो स्टेनलेस स्टील का डिनर सेट, ट्रॉली बैग, सीलिंग फैन, प्रेस, दो गद्दे, डबल बेड की चादर और 10 ग्राम चांदी की बिछिया जैसे सामान शामिल हैं। वहीं, आयोजन के दौरान टेंट, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर प्रति जोड़ा 15,000 रुपये खर्च किए गए हैं।

आपकी क्या राय है?
गरीब और जरूरतमंद बेटियों के विवाह जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक आयोजनों से जनप्रतिनिधियों का दूरी बनाना कितना जायज है? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दर्ज करें!

ऐप खोलें