Sat, Nov 7, 2026 Updated 12:39 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़: मेले की खुशियाँ मातम में बदली, साढ़ू के घर आए युवक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत; परिवार में कोहराम

2 weeks पहले

आजमगढ़: जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ सेठवल गाँव के पास गुरुवार की देर रात ट्रेन की चपेट में आने से एक 37 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी रिश्तेदारी में मेला देखने आया था, लेकिन घर लौटते वक्त वह हादसे का शिकार हो गया।

प्राप्त विवरण के मुताबिक, निजामाबाद थाना क्षेत्र के कयामुद्दीन पट्टी (परसहा) गाँव का निवासी 37 वर्षीय रविंद्र राम गुरुवार को अपने साढ़ू शिववचन उर्फ राजू राम के घर रानी की सराय के सेठवल गाँव आया था। बताया जा रहा है कि रविंद्र अपनी बाइक साढ़ू के घर खड़ी कर पास में ही लगे मेले का आनंद लेने गया था। रात करीब 11 बजे जब वह मेला देखकर पैदल वापस लौट रहा था, तभी रेलवे ट्रैक पार करते समय वह कथित तौर पर ट्रेन की चपेट में आ गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि रविंद्र की मौके पर ही जान चली गई। विडंबना यह रही कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां से उसके साढ़ू का घर महज 300 मीटर की दूरी पर था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पीछे छूट गए चार मासूम बेटे: रविंद्र की मौत की खबर मिलते ही उसके गाँव और ससुराल दोनों जगह मातम पसर गया है। मृतक के चार बेटे हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में इस दुखद घटना को लेकर शोक की लहर है।

आजमगढ़ टाइम्स की अपील: रेलवे ट्रैक पार करते समय हमेशा सावधानी बरतें और केवल अधिकृत रास्तों का ही प्रयोग करें। आपकी एक पल की जल्दबाजी पूरे परिवार को उम्र भर का दर्द दे सकती है।

पाठकों से सवाल: क्या आपको लगता है कि रेलवे ट्रैक के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होना ऐसे हादसों की मुख्य वजह है? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।

ऐप खोलें