Fri, Nov 6, 2026 Updated 07:20 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में गोतस्करों पर कड़ा प्रहार: 18 गोवंशों की तस्करी में शामिल डस्टर कार और ट्रक जब्त, सरकारी खजाने में हुए जमा!

1 day पहले

आजमगढ़। जिले में अवैध गोतस्करी और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस और प्रशासन ने एक बार फिर कड़ी कार्रवाई की है। कन्धरापुर थाना पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद जिलाधिकारी आजमगढ़ ने गोकशी के मामले में प्रयुक्त एक ट्रक और रेकी में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी डस्टर कार को राज्य सरकार के पक्ष में जब्त (सम्प्रहृत) करने का अंतिम आदेश जारी कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा प्रकरण 30 नवंबर 2025 का है, जब थाना कन्धरापुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका था। तलाशी लेने पर ट्रक से बेदर्दी से लादे गए 18 गोवंशीय पशु बरामद हुए थे। पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ था कि ट्रक के आगे-आगे चल रही डस्टर कार के जरिए तस्कर रास्ते की रेकी कर रहे थे ताकि पुलिस की लोकेशन की सटीक जानकारी ली जा सके।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से ट्रक (संख्या UP62T5312) और डस्टर कार (संख्या UP16AN3096) को अपने कब्जे में ले लिया था। इस मामले में कथित तौर पर गोतस्करी के इस सिंडिकेट से जुड़े 08 अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना अधिकारी द्वारा मामले की गहन जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ माननीय न्यायालय में आरोप पत्र (चार्जशीट) प्रेषित किया जा चुका है।

उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत कन्धरापुर थाना पुलिस ने जिलाधिकारी न्यायालय में मजबूती से पक्ष रखा। प्रेषित अभिलेखों और पुलिस की प्रभावी पैरवी का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी आजमगढ़ ने 12 अक्टूबर 2026 को दोनों वाहनों को हमेशा के लिए जब्त कर राज्य सरकार के अधीन करने का फैसला सुनाया। आजमगढ़ पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के तस्करों और माफियाओं में हड़कंप व्याप्त है।

आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: गोतस्करी में लिप्त अपराधियों के वाहनों और संपत्तियों को जब्त करने की इस सख्त कार्रवाई से क्या अवैध तस्करी पर लगाम लगेगी? अपनी बेबाक राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें!

ऐप खोलें