आजमगढ़। त्योहारों के सीजन में किसी भी बड़े हादसे को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए आजमगढ़ पुलिस ने अवैध पटाखों के काले कारोबार के खिलाफ एक साथ बड़ी स्ट्राइक की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अनिल कुमार के कड़े निर्देशों पर जिले के चार थाना क्षेत्रों—बरदह, दीदारगंज, कोतवाली और महराजगंज में एक साथ छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध पटाखों और बारूद का जखीरा बरामद किया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक महिला आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रही।आजमगढ़ टाइम्स को मिली जानकारी के मुताबिक, पहली बड़ी कार्रवाई थाना बरदह पुलिस द्वारा की गई। बरदह पुलिस ने दो अलग-अलग दुकानों पर अचानक छापेमारी कर कथित रूप से बिना लाइसेंस बेचे जा रहे 380 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3.40 लाख रुपये है। इस मामले में मौके से 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, दूसरी कार्रवाई थाना दीदारगंज पुलिस ने सिसवारा बाजार स्थित एक दुकान पर की, जहां से 210 किलोग्राम अवैध पटाखे (कीमत लगभग 1.12 लाख रुपये) बरामद कर 1 आरोपी को हिरासत में लिया गया।तीसरी बड़ी सफलता थाना कोतवाली पुलिस को मिली, जहां शहर की एक दुकान से लगभग 3.5 क्विंटल (350 किग्रा) अवैध पटाखे और खतरनाक ज्वलनशील विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। इस बरामद माल की कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है और यहाँ से भी 1 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। वहीं चौथा मामला थाना महराजगंज क्षेत्र के महरूपुर गांव का है, जहां अवैध पटाखा निर्माण की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। महराजगंज पुलिस ने मौके से 180 अदद कुल्हड़ अनार, 210 अदद अर्धनिर्मित कुल्हड़ अनार पटाखे, 20 किलोग्राम कच्चा बारूद और 12 अदद फुलझड़ी बरामद की, जिसकी कुल कीमत करीब 52 हजार रुपये है। हालांकि, पुलिस को देखते ही मुख्य अभियुक्ता कथित तौर पर फरार हो गई, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।आजमगढ़ पुलिस प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि घनी आबादी वाले इलाकों में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण, भंडारण या बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिले भर में यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।पाठकों से सवाल: रिहाइशी इलाकों में अवैध रूप से बारूद और पटाखे जमा करने वाले इन बारूद के सौदागरों के खिलाफ पुलिस को और कितनी सख्त कार्रवाई करनी चाहिए? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर दें!
