Sat, Nov 7, 2026 Updated 07:31 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में खाकी का कड़ा चाबुक: तरवां में फायरिंग करने वाला हिस्ट्रीशीटर पिस्टल संग गिरफ्तार, मुबारकपुर पुलिस ने वारंटी महिला को दबोचा

1 week पहले

आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स): जिले में अपराधियों और कानून को ठेंगा दिखाने वालों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अनिल कुमार के सख्त निर्देशों के तहत आजमगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग थानों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खतरनाक हिस्ट्रीशीटर और एक गैर-जमानती वारंट से वांछित महिला को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

तरवां में दुस्साहस पड़ा भारी, पिस्टल के साथ चढ़ा पुलिस के हत्थे
पहली कार्रवाई तरवां थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, सरायभादी गांव के रहने वाले जितेन्द्र यादव ने बीते 20 अक्टूबर 2026 को पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि गांव के ही रहने वाले प्रिन्स यादव उर्फ गोलू (पुत्र राजेन्द्र यादव) ने पुरानी रंजिश या विवाद में उनके घर पर चढ़कर जमकर गाली-गलौज की और हत्या करने की नीयत से पिस्टल से गोलियां चला दीं। पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तरवां पुलिस ने 27 अक्टूबर 2026 को बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा अपराध संख्या 219/2026 दर्ज किया। इसके बाद 28 अक्टूबर को सटीक मुखबिस की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने खरिहानी बाजार से आगे आजमगढ़ मार्ग वाले तिराहे के पास से आरोपी प्रिन्स यादव उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। तलाश लेने पर उसके पास से .32 बोर की एक देसी पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि पकड़ा गया आरोपी इलाके का हिस्ट्रीशीटर है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।

मुबारकपुर पुलिस की बड़ी सफलता: 4 महीने से वांछित महिला गिरफ्तार
दूसरी बड़ी सफलता मुबारकपुर थाना पुलिस को मिली है। पुलिस ने अदालत द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) के आधार पर एक महिला को गिरफ्तार किया है। मामला 28 जून 2026 का है, जब सठियांव के एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के रहस्यमय ढंग से गायब होने की सूचना दर्ज कराई थी। मामले में मुबारकपुर थाने में बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 263/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

तफ्तीश के दौरान इस केस में सरिता (पत्नी विजय प्रताप, निवासी डिलियापार सबरुपुर, थाना जीयनपुर) का नाम कथित संलिप्तता के तौर पर सामने आया था। अदालत से वारंट जारी होने के बाद मुबारकपुर पुलिस ने 28 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को दबोच लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई।

आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: क्या आपको लगता है कि आजमगढ़ में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाएगा? अपनी राय कमेंट सेक्शन में जरूर शेयर करें!

ऐप खोलें