Sat, Nov 7, 2026 Updated 09:17 PM IST
अपना इलाका

34 मुकदमों का खौफनाक रिकॉर्ड, तमंचा और चोरी के जेवर-बाइक समेत आजमगढ़ में 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार!

1 week पहले

आजमगढ़ टाइम्स (डिजिटल डेस्क): आजमगढ़ जिले की देवगांव कोतवाली पुलिस ने इलाके में चोरी और सेंधमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक बेहद शातिर अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस कप्तान डॉ. अनिल कुमार के सख्त निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को मेहनाजपुर रोड स्थित मोलनापुर ओवरब्रिज के नीचे से घेराबंदी करके तीन शातिर बदमाशों को दबोच लिया। यह गिरोह आजमगढ़ के अलावा पड़ोसी जिलों में भी लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था।

पुलिस की तलाशी में आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के जेवरात (तीन जोड़ी चांदी की पायल, 15 बिछिया, एक पीली धातु की चेन), 1,510 रुपये नकद और एक .315 बोर का अवैध तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस तिकड़ी पर आजमगढ़ और जौनपुर जिले के अलग-अलग थानों में चोरी, गृहभेदन, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन जुर्म के कुल 34 मुकदमे दर्ज हैं।

पकड़े गए शातिर अपराधियों की पहचान संजय राय (निवासी रामचंद्रपुर, थाना देवगांव), सुमित उर्फ सोनू सिंह (निवासी अहिरौली, थाना मेहनगर) और संतोष सिंह (निवासी तिलहुआ, थाना निजामाबाद) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी संतोष सिंह इस गिरोह का सबसे पुराना खिलाड़ी है, जिस पर अकेले आजमगढ़ और जौनपुर में 19 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं संजय राय पर 10 और सुमित उर्फ सोनू सिंह पर 5 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने हाल ही में देवगांव क्षेत्र में चोरी की दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। कथित तौर पर बीते 30 सितंबर की रात इन बदमाशों ने गोपालपुर सोठौली गांव निवासी रामाशंकर यादव के घर के बरामदे से बाइक, दो टीवी और घरेलू सामान पार कर दिया था। इसके बाद 10 अक्टूबर को कंजहित गांव निवासी शिवशंकर के घर में सेंध लगाकर बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ली थी। इन दोनों मामलों में केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की सुरागरसी में जुटी हुई थी।

फिलहाल देवगांव पुलिस ने तीनों शातिर चोरों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पड़ताल की जा रही है।

आपकी राय: क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और पुलिस की इस कार्रवाई पर आप क्या सोचते हैं? अपनी राय कमेंट करके जरूर बताएं!

ऐप खोलें