Sat, Nov 7, 2026 Updated 09:20 PM IST
अपना इलाका

मुफ़्त मूवी के लालच में खाली हो रहे बैंक खाते! आजमगढ़ पुलिस का बड़ा धमाका, पटना से दबोचा गया साइबर ठगों का मास्टरमाइंड

1 day पहले

आजमगढ़। मुफ़्त मूवी और वेब सीरीज़ के नाम पर लोगों के बैंक खातों में सेंध लगाने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह का आजमगढ़ पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अनिल कुमार के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए थाना महराजगंज पुलिस की टीम ने गिरोह के वांछित सरगना को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर “फ्री मूवी और वेब सीरीज डाउनलोड” करने का प्रलोभन देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। आरोप है कि जैसे ही यूजर दिए गए लिंक से APK फाइल अपने फोन में इंस्टॉल करते थे, आरोपी उनका मोबाइल हैक कर लेते थे और बैंक खातों से जमा पूंजी उड़ा लेते थे।

महराजगंज पुलिस ने शातिर आरोपी के कब्जे से 01 लैपटॉप, 05 मोबाइल फोन, 03 आधार कार्ड, 01 पैन कार्ड, 02 एटीएम कार्ड और 01 बैंक पासबुक बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसते हुए थाना महराजगंज पर पंजीकृत अभियोग में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने साइबर सुरक्षा को लेकर जनता को सतर्क किया है। पुलिस की अपील है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें। मुफ़्त के प्रलोभन में आकर कोई भी संदिग्ध फाइल डाउनलोड करना आपके बैंक खाते को पूरी तरह खाली कर सकता है।

आजमगढ़ टाइम्स की पाठकों से अपील और सवाल: क्या आपको भी कभी सोशल मीडिया पर मुफ़्त मूवी या ऐप डाउनलोड करने का कोई संदिग्ध ऑफर मिला है? साइबर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस की इस कार्रवाई पर आपकी क्या राय है? कमेंट करके हमें ज़रूर बताएं।

ऐप खोलें