Sat, Nov 7, 2026 Updated 05:38 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ के 6.48 लाख किसानों के खातों में बरसेगा पैसा, जानें अपनी किस्त का पूरा गणित

2 weeks पहले

आजमगढ़। जिले के अन्नदाताओं के लिए एक बड़ी और खुशहाल खबर सामने आ रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की बहुप्रतीक्षित 24वीं किस्त की तारीख अब साफ हो गई है। आगामी 30 अक्टूबर को आजमगढ़ के करीब 6.48 लाख किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की रकम सीधे “डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर” (DBT) के जरिए भेजी जाएगी। इस बार जिले में कुल 129 करोड़ 75 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि किसानों के खाते में पहुंचने वाली है।

आजमगढ़ टाइम्स की विशेष रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार लाभार्थियों की संख्या में इजाफा हुआ है। पिछली बार यानी 23वीं किस्त के दौरान जिले के 6 लाख 31 हजार 937 किसानों को लाभ मिला था, लेकिन इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 6 लाख 48 हजार 752 हो गया है। प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, हर पात्र किसान के खाते में 2000 रुपये की किस्त जमा की जाएगी, जिससे रबी की फसल की तैयारी कर रहे किसानों को खाद और बीज खरीदने में बड़ी मदद मिलेगी।

ई-केवाईसी कराने वाले 16 हजार किसानों की भी चमकी किस्मत:

इस बार की सूची में सबसे सुखद पहलू यह है कि 16 हजार 815 ऐसे किसान भी शामिल किए गए हैं, जो पिछले काफी समय से ई-केवाईसी (e-KYC) या अन्य तकनीकी कारणों से योजना के लाभ से वंचित चल रहे थे। इन किसानों ने समय रहते अपनी कमियों को दुरुस्त किया और पोर्टल पर उनका आवेदन स्वीकार कर लिया गया है। अब इन किसानों के चेहरे पर भी मुस्कान लौटने वाली है।

मामले की पुष्टि करते हुए उप कृषि निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि “आजमगढ़ के 16 हजार 815 किसान जो ई-केवाईसी और अन्य कारणों से वंचित रह गए थे, उन्हें भी इस बार सूची में शामिल किया गया है। 30 अक्टूबर को जिले के सभी 6.48 लाख पात्र किसानों के खातों में सम्मान निधि की रकम पहुंच जाएगी।”

गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों को साल भर में तीन किस्तों के माध्यम से कुल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। आजमगढ़ जैसे कृषि प्रधान जिले में यह राशि छोटे और सीमांत किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं साबित होती है।

क्या आपके खाते में पिछली किस्त समय पर आई थी या आपको ई-केवाईसी कराने में कोई दिक्कत आ रही है? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।

ऐप खोलें