Sat, Nov 7, 2026 Updated 12:37 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़: राशन लेने गए युवक पर “खूनी हमला”, कोटेदार के परिजनों पर चाकू घोंपने का आरोप, जिला अस्पताल रेफर

2 weeks पहले

आजमगढ़ के पवई थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ राशन लेने गए एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। घटना शादुल्लापुर गांव की है, जहाँ गुरुवार की रात करीब 8 बजे 31 वर्षीय अभिलाष नाम के युवक को कथित तौर पर लहूलुहान कर दिया गया।

पीड़ित अभिलाष के मुताबिक, उसके पास राशन कार्ड नहीं है, लेकिन आरोप है कि गांव के कोटेदार ने उसे राशन देने के बहाने रात में अपने घर बुलाया था। जब वह वहां पहुंचा, तो कोटेदार के परिजनों और कुछ अज्ञात लोगों के साथ उसका विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान दबंगों ने न केवल उसकी बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार भी कर दिए।

युवक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। आनन-फानन में घायल अभिलाष को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पवई ले जाया गया, जहाँ उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।

फिलहाल, इस मामले में पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, तहरीर मिलते ही मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ टाइम्स की राय: क्या आपको लगता है कि राशन वितरण प्रणाली में व्याप्त अव्यवस्था और कोटेदारों की मनमानी ऐसे विवादों की मुख्य वजह है? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं।

ऐप खोलें