आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। जिले के पवई थाना क्षेत्र में एक बेहद ही दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। पवई-कलान मार्ग पर सोमवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 10 वर्षीय मासूम बच्चा आदर्श उर्फ अंश जिंदगी की जंग हार गया। दर्दनाक बात यह रही कि जिस बाइक पर मासूम सवार था, उस पर क्षमता से अधिक 5 लोग बैठे थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पवई थाना क्षेत्र के शाहमर्दानपुर गांव निवासी अशोक कुमार की बेटी की शादी रविवार को धूमधाम से संपन्न हुई थी। इस खुशी के मौके में शामिल होने के लिए अशोक के साढ़ू सूरज कुमार का परिवार भी आया हुआ था। वहीं, अंबेडकरनगर जिले के कटका से अशोक की बड़ी बेटी के ससुराल पक्ष से 28 वर्षीय मनोज निषाद भी शादी समारोह में आए थे। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे मनोज निषाद बाइक पर 10 साल के मासूम आदर्श उर्फ अंश समेत कुल 5 लोगों को बैठाकर पवई बाजार की तरफ जा रहे थे।
जैसे ही बाइक शाहमर्दानपुर गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने कटार गांव निवासी 10 वर्षीय आदर्श उर्फ अंश को मृत घोषित कर दिया। उधर, दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। इस बीच मृतक के मामा सत्यजीत ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बाइक चला रहा मनोज निषाद “कथित तौर पर शराब के नशे में” था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पवई थानाध्यक्ष मनीष पाल ने बताया कि परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एक पल पहले जहाँ शादी के मंगलगीत गाए जा रहे थे, वहाँ अब केवल चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है।
“आजमगढ़ टाइम्स” का सवाल: एक ही बाइक पर 5 लोगों को बैठाना और बिना हेलमेट या नशे में गाड़ी चलाना जैसी जानलेवा लापरवाहियां कब रुकेंगी? इस दुखद हादसे के लिए आप सबसे ज्यादा जिम्मेदार किसे मानते हैं? कमेंट में अपनी राय जरूर दें।
