आजमगढ़ शहर के बाशिंदों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। नगर पालिका क्षेत्र के 25 वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए शासन स्तर से 14 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। राज्य वित्त आयोग से मिले इस बजट के जरिए शहर की खस्ताहाल सड़कों, गलियों, पथ प्रकाश और पेयजल व्यवस्था का कायाकल्प किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद प्रशासन ने इस पूरी विकास योजना को धरातल पर उतारने के लिए कमर कस ली है। फिलहाल सभी निर्माण कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। इस मामले पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) डॉ. बृजेश सिंह ने बताया कि “टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही बिना किसी देरी के शहर के सभी तय इलाकों में निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।” नगर पालिका ने शहर की मुख्य समस्याओं, खासकर जल निकासी और अंधेरे में डूबी गलियों को ध्यान में रखते हुए यह पूरा खाका तैयार किया है।
जानिए किस मद में खर्च होगी कितनी रकम:
14 करोड़ रुपये के इस महाबजट का पाई-पाई का हिसाब तय कर दिया गया है:
– सड़क और गली निर्माण: सबसे बड़ा हिस्सा यानी 10 करोड़ 74 लाख 62 हजार 791 रुपये केवल सड़कों और नालियों के निर्माण पर खर्च होगा।
– पथ प्रकाश (स्ट्रीट लाइट): शहर को रोशन करने के लिए 2 करोड़ 20 लाख 87 हजार 353 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा, 2 प्रतिशत स्टांप शुल्क से मिले 2.5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी लाइटों की व्यवस्था पर ही खर्च की जाएगी।
– पेयजल आपूर्ति: शुद्ध पानी की निर्बाध आपूर्ति के लिए 56 लाख 7 हजार 438 रुपये का बजट रखा गया है।
– अन्य विकास कार्य: 50 लाख रुपये की राशि अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में लगाई जाएगी।
नरौली वार्ड का होगा सबसे बड़ा कायाकल्प:
इस पूरी विकास योजना में सबसे अधिक काम नरौली वार्ड में प्रस्तावित हैं। नरौली पश्चिमी मोहल्ले के मुख्य मार्ग पर 7 मीटर चौड़ी और 450 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा, जिस पर अकेले 72 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अतिरिक्त, इसी मोहल्ले की आंतरिक गलियों में सीसी रोड बनाने के लिए 27 लाख रुपये और जलभराव से निजात दिलाने के लिए नाला निर्माण पर 16 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
जनता से सवाल: क्या आपको लगता है कि 14 करोड़ रुपये के इस बजट से आजमगढ़ शहर की जलभराव और टूटी सड़कों की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी? अपनी राय नीचे कमेंट करके जरूर बताएं!
