Sat, Nov 7, 2026 Updated 09:17 PM IST
अपना इलाका

दीपावली से पहले आजमगढ़ पुलिस का बड़ा क्रैकडाउन: किराए के मकान में छिपाकर रखा 323 किलो बारूद जब्त, 2 लाख के अवैध पटाखों के साथ व्यापारी पर FIR

1 week पहले

आजमगढ़। त्योहारों के सीजन में बारूद के अवैध कारोबार और रिहाइशी इलाकों में खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ “आजमगढ़ पुलिस” ने अपना रुख बेहद कड़ा कर लिया है। मुबारकपुर थाना पुलिस ने घनी आबादी के बीच चल रहे पटाखों के एक बड़े अवैध गोदाम का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके के अवैध पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बीते 29 अक्टूबर को मुबारकपुर कस्बे के पुरारानी मोहल्ले में एक किराए के मकान के अंदर अवैध रूप से पटाखे डंप किए जाने की पक्की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक शशीचन्द चौधरी की अगुवाई में पुलिस टीम ने तत्काल संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की। मौके पर सहर (पत्नी समीर) के मकान के एक कमरे से भारी मात्रा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद हुआ। जांच में सामने आया है कि इस कमरे को पुरारानी निवासी गुलाब गुप्ता (पुत्र स्वर्गीय कन्हैया गुप्ता) ने किराए पर ले रखा था और वहीं से बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण किया जा रहा था।

2 लाख की कीमत का 323 किलो बारूद बरामद
पुलिस टीम ने जब गोदाम की तलाशी ली, तो वहां से 1022 पैकेट फूलझड़ी, 445 पैकेट मिर्ची बम, 265 पैकेट मिनी बुलेट बम, 150 पैकेट इलेक्ट्रिक क्रैकर, 150 पैकेट चकरी, 150 पैकेट अनार, 119 पैकेट पॉप-अप बम, 149 पैकेट माचिस बम, 17 पैकेट प्राइम क्रैकर्स, 12 पैकेट रॉकेट और 18 शॉट रॉकेट बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए पटाखों का कुल वजन 323 किलोग्राम है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।

आरोपी पर विस्फोटक अधिनियम में केस दर्ज, 2 टीमें तलाश में जुटीं
मामले में मुबारकपुर थाने में आरोपी गुलाब गुप्ता के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 381/2026 के तहत धारा 5/9बी (विस्फोटक अधिनियम) में केस दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्राधिकारी (CO) ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि फरार चल रहे आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी अवैध पटाखे बनाने या जमा करने की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

‘आजमगढ़ टाइम्स’ का सवाल: रिहाइशी इलाकों में इस तरह से बारूद का अवैध भंडारण किसी बड़े हादसे को दावत दे सकता है। ऐसे खतरनाक अवैध कारोबारियों पर पुलिस को और क्या सख्त कदम उठाने चाहिए? अपनी राय कमेंट करके जरूर बताएं!

ऐप खोलें