Sun, Nov 8, 2026 Updated 01:36 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में सपा सांसद के बेटे की “गुंडई”? टेंपो चालक और उसकी 12 साल की मासूम बेटी से मारपीट का आरोप, देवगांव पुलिस से शिकायत

6 days पहले

आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र में रसूख की धाक जमाने का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। लालगंज से समाजवादी पार्टी के सांसद दरोगा प्रसाद के बेटे मनोज सरोज पर एक टेंपो चालक और उसकी 12 साल की मासूम बेटी के साथ कथित तौर पर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता करने का संगीन आरोप लगा है। पीड़िता के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से इंसाफ और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

घटनाक्रम के मुताबिक, मोहनपुर पटवास गांव के रहने वाले अरविंद तिवारी 1 नवंबर की शाम करीब 5 बजे अपनी 12 साल की बेटी रक्षा तिवारी को अपने टेंपो में बैठाकर घर जा रहे थे। पीड़ित का आरोप है कि गांव के रास्ते में ही सांसद के बेटे मनोज सरोज ने उन्हें जबरन रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में धुत था और उसने अरविंद तिवारी के साथ अकारण गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

मामले में इंसानियत को शर्मसार करने वाला पहलू तब सामने आया जब पिता को पिटता देख 12 वर्षीय बच्ची रक्षा अपने पिता को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि आरोपी मनोज सरोज ने मासूम बच्ची पर भी तरस नहीं खाया। उसने बच्ची के साथ भी कथित रूप से मारपीट की और उसके कपड़े खींचकर अभद्रता की, जिससे बच्ची को शरीर पर चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी दोनों को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

घटना से सहमे पीड़ित अरविंद तिवारी अपनी चोटिल बेटी के साथ देवगांव कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरा वाकया बताते हुए लिखित शिकायत पत्र सौंपा। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। फिलहाल शिकायत दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन और आगामी कार्रवाई में जुट गई है।

आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: क्या रसूखदार नेताओं के बेटों पर कानून का शिकंजा कस पाएगा या मामला सिर्फ जांच की फाइलों में सिमट कर रह जाएगा? अपनी राय नीचे कमेंट सेक्शन में जरूर शेयर करें।

ऐप खोलें