Sat, Nov 7, 2026 Updated 11:59 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में मातम: विसर्जन की खुशियों के बीच काल बनकर दौड़ा ट्रैक्टर, पहिए के नीचे दबने से ग्रामीण की दर्दनाक मौत

2 weeks पहले

आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। जहाँ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं, जब “जय माता दी” के जयकारों के बीच एक ग्रामीण ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गंजोर गांव में सन्नाटा पसार दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, गंजोर गांव के रहने वाले 48 वर्षीय सत्येंद्र सिंह गुरुवार की रात गांव के अन्य लोगों के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित करने गए थे। विसर्जन के बाद रात करीब 9:30 बजे ग्रामीण डीजे की धुन पर झूमते हुए वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सत्येंद्र सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठे थे, तभी अचानक वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली का भारी-भरकम पहिया सत्येंद्र के ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में ग्रामीण और परिजन उन्हें लेकर मेंहनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सत्येंद्र सिंह की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, पत्नी ममता सिंह और उनके दो बेटों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अभिराज सरोज ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विधिक जांच की जा रही है।

आजमगढ़ टाइम्स की अपील: त्योहारों के उत्साह में सुरक्षा के नियमों की अनदेखी न करें। चलते वाहनों पर जोखिम भरा सफर जानलेवा हो सकता है।

पाठकों से सवाल: क्या आपको लगता है कि विसर्जन और रैलियों के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर क्षमता से अधिक लोगों का बैठना और डीजे का शोर ऐसे हादसों की मुख्य वजह है? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।

ऐप खोलें