Sat, Nov 7, 2026 Updated 11:58 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़: मेंहनगर में बुखार का “तांडव”, कागजों पर दौड़ रहा स्वास्थ्य विभाग, प्लेटलेट्स गिरने से मचा हड़कंप!

2 weeks पहले

आजमगढ़ (मेंहनगर): जनपद के मेंहनगर क्षेत्र में मौसम के बदलते मिजाज ने आम जनजीवन को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम परिवर्तन के साथ ही पूरे इलाके में बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। हालात यह हैं कि घर-घर में लोग बीमारी से जूझ रहे हैं, जिनमें कथित तौर पर मलेरिया और डेंगू जैसे गंभीर लक्षण पाए जा रहे हैं।

क्षेत्र से आ रही रिपोर्टों के मुताबिक, मरीजों में प्लेटलेट्स की तेजी से हो रही कमी ने दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुकम्मल इंतजाम न होने के कारण प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के पास जांच की व्यवस्था नाम मात्र की है, जिसके चलते गरीब मरीजों को मजबूरी में निजी लैबों का महंगा सहारा लेना पड़ रहा है।

क्षेत्रीय नागरिक रविन्द्र कुमार, अनिल कुमार और राकेश ने विभाग की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि स्वास्थ्य विभाग के तमाम दावे केवल सरकारी कागजों और फाइलों तक ही सीमित हैं। डेंगू और मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के बावजूद अब तक क्षेत्र में कहीं भी मच्छर रोधी दवा का छिड़काव (फॉगिंग) नहीं कराया गया है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि प्रशासन समय रहते जागरूकता अभियान चलाता और सफाई व्यवस्था पर ध्यान देता, तो आज स्थिति इतनी बेकाबू न होती।

स्वास्थ्य विभाग की इस कथित लापरवाही ने मेंहनगर की जनता को राम भरोसे छोड़ दिया है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में कब जागता है और धरातल पर छिड़काव व जांच की व्यवस्था कब शुरू होती है।

आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: क्या आपके गांव या मोहल्ले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मच्छर रोधी दवा का छिड़काव किया गया है? प्रशासन की तैयारी पर आपकी क्या राय है? कमेंट में बताएं।

ऐप खोलें