Sun, Nov 8, 2026 Updated 01:36 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ की माटी का दिखेगा दम: अंबेडकर पार्क में सजेगा “माटीकला महोत्सव”, ब्लैक पॉटरी और टेराकोटा का होगा संगम

6 days पहले

आजमगढ़। जनपद की सोंधी मिट्टी और कलाकारों के जादुई हुनर को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए शहर तैयार है। डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में 1 नवंबर से 7 नवंबर 2026 तक भव्य “आजमगढ़ माटीकला महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस मेले में कुल 25 स्टॉल लगाए जाएंगे, जो स्थानीय शिल्पकारों की कला का प्रदर्शन करेंगे।

इस महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 31 अक्टूबर को एक विशेष प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी संजय सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश गुप्ता और जिला ग्रामोद्योग अधिकारी दीपक मिश्रा मौजूद रहे। यह वाहन पूरे शहर में भ्रमण कर लोगों को महोत्सव में आने का न्योता देगा और मिट्टी से बने उत्पादों की खूबियों से रूबरू कराएगा।

ब्लैक पॉटरी और टेराकोटा बनेगा मुख्य आकर्षण
इस प्रदर्शनी में आजमगढ़ की विश्व प्रसिद्ध “ब्लैक पॉटरी” के साथ-साथ गोरखपुर के मशहूर “टेराकोटा शिल्प” और प्रदेश के अन्य जिलों के मिट्टी से बने उत्कृष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री होगी। महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन 2 नवंबर को शाम 4 बजे विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक द्वारा किया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण कंडारकर सहित प्रशासन के कई आला अधिकारी मौजूद रहेंगे।

शहर के चौराहों पर मनेगा दीपोत्सव
आयोजन को और भी भव्य बनाने के लिए 2 नवंबर को आजमगढ़ शहर के तीन प्रमुख चौराहों पर विशेष “दीपोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य इस कार्यक्रम के जरिए आम जनता को स्वदेशी उत्पाद अपनाने और स्थानीय कारीगरों के परिश्रम का सम्मान करने के लिए प्रेरित करना है। यह महोत्सव न केवल व्यापार का जरिया है, बल्कि हमारी पारंपरिक विरासत को सहेजने की एक कोशिश भी है।

आजमगढ़ टाइम्स की अपील: क्या आप इस दिवाली चीनी सामानों का बहिष्कार कर अपने जिले के कुम्हारों द्वारा बनाए गए दीये और मिट्टी के बर्तनों का उपयोग करेंगे? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।

ऐप खोलें