Sun, Nov 8, 2026 Updated 03:15 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी: मार्टीनगंज रोजगार मेले में चमकी किस्मत, 430 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र!

5 days पहले

आजमगढ़। जिले के मार्टीनगंज स्थित सर्वोदय नगर के कृषक इंटर कॉलेज परिसर में सोमवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में एक दिवसीय भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में नौकरी की आस लेकर पहुंचे युवाओं का भारी हुजूम देखने को मिला। दिनभर चली चयन प्रक्रिया के बाद विभिन्न नामी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कुल 430 अभ्यर्थियों का चयन कर उनके सपनों को पंख लगाए।

रोजगार मेले को लेकर स्थानीय बेरोजगार युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। सुबह से ही कृषक इंटर कॉलेज परिसर में अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लग गई थीं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, मेले में लगभग 1500 बेरोजगार युवाओं ने अपना पंजीकरण करवाया। इसके बाद कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता और साक्षात्कार के आधार पर 430 युवाओं को रोजगार के लिए अंतिम रूप से चयनित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर के प्रतिनिधि रामसागर राजभर ने चयनित अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र और नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “प्रदेश सरकार राज्य के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। ऐसे रोजगार मेलों के जरिए ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार सीधा मंच और रोजगार मिल रहा है।”

इस रोजगार मेले में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला मंत्री श्रीराम स्वारथ राजभर मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य प्रेमलता राय, सहायक निदेशक राममूर्ति, जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गोंड, अपर सांख्यिकी अधिकारी मखंचू राम प्रजापति और ज्योति राम समेत सेवायोजन विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

आजमगढ़ टाइम्स की पाठकों से राय: क्या आपको लगता है कि आजमगढ़ के हर तहसील स्तर पर ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन हर महीने होना चाहिए? अपनी राय कमेंट करके जरूर बताएं!

ऐप खोलें