आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स): जिले के फूलपुर तहसील अंतर्गत नगर पंचायत माहुल के ऐतिहासिक मेले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शिवाजी चौक के आसपास दर्जनों विवादित और तीखे नारों वाले पोस्टर चस्पा कर दिए गए। शिवाजी चौक के पास लगभग 25 ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिनकी आक्रामक भाषा और नारों को लेकर इलाके में माहौल गरमा गया है और चर्चाओं का बाजार गर्म है।
मिली जानकारी के अनुसार, ये पोस्टर “बीएमडी फैमिली अहरौला” के बैनर तले लगाए गए हैं। आरोप है कि इन्हें भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सुजीत जायसवाल “आंसू” की ओर से लगवाया गया है। इन पोस्टरों में छत्रपति शिवाजी महाराज, मुगल शासकों और धार्मिक मुद्दों को लेकर बेहद तल्ख टिप्पणियां की गई हैं। एक पोस्टर पर लिखा है, “मुगलों का बाप, छत्रपति शिवाजी महाराज”, वहीं दूसरे पोस्टर में मुगल शासक अकबर को निशाना बनाया गया है। इसके अलावा कुछ पोस्टरों पर “धूल चटा दो उन गिद्धों को, जो घर में घुसकर घात करें” और “जीभ काट लो उन कुत्तों की, जो हिंदू धर्म के खिलाफ बात करें” जैसे तीखे नारे लिखे नजर आ रहे हैं।
मेले जैसे सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की बयानबाजी और पोस्टरबाजी सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आ गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने बताया कि प्रशासन को इन पोस्टरों के संबंध में पूरी जानकारी मिल चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति को इन सभी पोस्टरों को तत्काल हटाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक कानून के दायरे में जो भी उल्लंघन पाया जाएगा, उसके तहत निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, माहुल मेले में आए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच इन पोस्टरों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। आजमगढ़ टाइम्स हर खबर पर निष्पक्षता के साथ नजर बनाए हुए है।
आजमगढ़ टाइम्स की बड़ी बहस: क्या सार्वजनिक मेलों और त्योहारों के दौरान धार्मिक या राजनीतिक जुलूसों में इस तरह की कड़वी शब्दावली वाले पोस्टरों का इस्तेमाल सही है? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें।
