आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स): जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अइनियां मिश्रा की छावनी गांव में रविवार की दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब दबंगों द्वारा कथित तौर पर जबरन खड़ंजा लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हुए इस जानलेवा हमले में एक ही परिवार के दंपति समेत कुल 9 लोग घायल हो गए हैं, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी पीड़ित 40 वर्षीय रंजीत मौर्य का आरोप है कि उनके पड़ोस के कुछ लोग उनकी निजी जमीन पर जबरदस्ती खड़ंजा बिछा रहे थे। जब उन्होंने अपने भाई 42 वर्षीय राजकुमार के साथ मिलकर इस निर्माण कार्य का विरोध किया, तो दूसरे पक्ष के लोग उग्र हो गए। बहस से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और आरोपियों ने लाठी-डंडे तथा ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया।
मारपीट के दौरान चीख-पुकार सुनकर बचाव में आई 35 वर्षीय शांति मौर्य, 33 वर्षीय रीता मौर्य, 26 वर्षीय अर्चना मौर्य, 33 वर्षीय सरोज मौर्य, 35 वर्षीय अरविंद मौर्य और 30 वर्षीय अमन मौर्य भी हमले की जद में आकर लहूलुहान हो गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सभी घायलों को तत्काल मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां शांति मौर्य और रीता मौर्य की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
उधर, एक अन्य घटना में अहरौला थाना क्षेत्र के बहेरा गांव में भी खेत में काम करने के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता दीपमाला का आरोप है कि जब वह रीता, सीमा और मनीता के साथ अपने खेत में आलू की बुवाई कर रही थीं, तभी गांव के ही एक व्यक्ति ने 3-4 अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामलों की जांच में जुट गई है।
आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: ग्रामीण इलाकों में जमीन के छोटे-छोटे टुकड़ों और विवादों पर हो रही इस तरह की हिंसक वारदातों को रोकने के लिए प्रशासन को क्या सख्त कदम उठाने चाहिए? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।
