Sat, Nov 7, 2026 Updated 11:33 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में रफ्तार का कहर: अज्ञात बाइक की टक्कर से घायल मजदूर ने रास्ते में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

7 days पहले

आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला है। दो दिन पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 42 वर्षीय नरेश राम ने आखिरकार जिंदगी की जंग हार दी। शुक्रवार की देर रात लखनऊ इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार और मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंधरापुर थाना क्षेत्र के जमुआ गांव के रहने वाले नरेश राम (42 वर्ष) मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोजाना की तरह बुधवार की सुबह वह घर से बाहर टहलने निकले थे। इसी दौरान किशन पट्टी गांव के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं आरोपी बाइक चालक मौके से गाड़ी भगाकर फरार हो गया।

आस-पास के लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में घायल नरेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की निगरानी में दो दिनों तक उनका इलाज चला, लेकिन शुक्रवार की रात अचानक उनकी तबीयत बेहद बिगड़ गई। हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। परिजन एम्बुलेंस से उन्हें लेकर लखनऊ जा ही रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात बाइक सवार की तलाश की जा रही है।

आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: ग्रामीण इलाकों की सड़कों पर बेलगाम दौड़ते तेज रफ्तार वाहनों और सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन को क्या कदम उठाने चाहिए? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।

ऐप खोलें