Sun, Nov 8, 2026 Updated 03:48 AM IST
अपना इलाका

जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: बरदह के युवक की बाइक में अज्ञात सवार ने मारी टक्कर, हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

3 days पहले

आजमगढ़/जौनपुर: आजमगढ़-जौनपुर हाईवे पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार दोपहर गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में लीलहा गांव के पास दो मोटर साइकिलों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में आजमगढ़ के एक 40 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात बाइक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगहन गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार (40 वर्ष) बुधवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी बाइक से आजमगढ़ से जौनपुर की तरफ जा रहे थे। वह जैसे ही गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के लीलहा गांव के करीब पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित अज्ञात बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में सीधी टक्कर मार दी।

सिर में लगे 4 टांके, प्राथमिक उपचार के बाद रेफर:
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धर्मेंद्र कुमार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस के जरिए घायल को तुरंत सीएचसी चोरसंड पहुंचाया गया। वहां तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के दौरान उनके सिर में 4 टांके लगाए। हालांकि, स्थिति को चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जौनपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से वाहन समेत भाग निकला। स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है और पुलिस फरार बाइक सवार का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

पाठक दें अपनी राय: हाईवे पर आए दिन हो रहे हादसों और तेज रफ्तार गाड़ियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस और यातायात विभाग को क्या ठोस कदम उठाने चाहिए? अपनी राय नीचे कमेंट सेक्शन में जरूर शेयर करें।

ऐप खोलें