आजमगढ़: जिले में फसलों की बुवाई के ऐन वक्त पर किसानों पर दोहरी मार पड़ती दिख रही है। एक तरफ जहां खेतों को खाद की सख्त दरकार है, वहीं दूसरी तरफ जहानागंज स्थित साधन सहकारी समिति पर ताला लटका हुआ है। सचिवों की हड़ताल के कारण इलाके के किसान DAP खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं और व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहकारी समितियों के सचिवों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से वितरण प्रणाली पूरी तरह ठप हो गई है। जहानागंज साधन सहकारी समिति में खाद का भरपूर भंडार होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन मुख्य गेट पर ताला जड़ा होने के कारण किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। अल सुबह से ही समिति के बाहर किसानों का जमावड़ा लग रहा है, लेकिन दिन ढलते-ढलते निराशा ही उनके हाथ लग रही है।
स्थानीय किसानों का कहना है कि अगर समय पर खेतों में DAP खाद नहीं पड़ी, तो बुवाई में देरी होगी जिसका सीधा असर फसल की पैदावार पर पड़ेगा। आरोप है कि किसानों की इस गंभीर समस्या को जानते हुए भी जिम्मेदार अधिकारी बेपरवाह बने हुए हैं और अब तक इसका कोई वैकल्पिक समाधान नहीं निकाला गया है।
“आजमगढ़ टाइम्स” का सवाल: क्या एन बुवाई के समय कर्मचारियों का हड़ताल पर जाना और किसानों को खाद न मिलना प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है? अपनी राय नीचे कमेंट सेक्शन में जरूर दें!
