आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरी गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालने वाले 30 वर्षीय एक बेजुबान युवक की अज्ञात बदमाशों ने गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। बुधवार सुबह गांव की नट बस्ती के पास स्थित बाहा (नाले) में युवक का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतक की पहचान गौरी गांव निवासी शाहरुख खान (30) पुत्र मुस्तफा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शाहरुख बोल पाने में असमर्थ था और गांव-गांव घूमकर “पाव रोटी” बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घटनाक्रम के मुताबिक, मंगलवार शाम को जब शाहरुख समय पर घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई अता-पता नहीं चला, तो परिजनों ने आपातकालीन सेवा Dial 112 और गंभीरपुर थाना पुलिस को सूचना दी।
रातभर पुलिस और ग्रामीणों की तलाश के बावजूद शाहरुख का कोई सुराग नहीं मिल सका था। इसके बाद बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने नट बस्ती के पास बाहा में एक शव पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर शव की पहचान शाहरुख के रूप में हुई, जिसका गला कथित तौर पर किसी धारदार हथियार से रेता गया था। घटना की सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
इस खौफनाक वारदात के पीछे क्या वजह थी और बेजुबान शाहरुख की किससे दुश्मनी हो सकती थी, यह फिलहाल पहेली बना हुआ है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संभावित संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जल्द ही इस अमानवीय वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: एक बेजुबान और मेहनती युवक की इस तरह से हुई नृशंस हत्या पर आप पुलिस-प्रशासन की कानून-व्यवस्था को लेकर क्या सोचते हैं? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।
