Sat, Nov 7, 2026 Updated 02:57 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! रबी फसलों के बीज पर मिल रही 50% की भारी छूट, जानें कैसे उठाएं फायदा

2 weeks पहले

आजमगढ़। रबी सीजन की बुवाई की तैयारी कर रहे जनपद के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मुहम्मदपुर विकास खंड के गंभीरपुर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार में गेहूं, चना, मटर, सरसों और मसूर के उन्नतशील और प्रमाणित बीज उपलब्ध करा दिए गए हैं। सरकार की विशेष योजना के तहत इन बीजों पर किसानों को सीधे तौर पर 50 प्रतिशत का भारी अनुदान दिया जा रहा है।

आजमगढ़ टाइम्स से बातचीत में सहायक विकास अधिकारी (कृषि) रवि कुमार ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत किसानों को रबी सीजन की फसलों के बीज पर यह सब्सिडी प्रदान की जा रही है। विभाग का लक्ष्य है कि किसानों को कम लागत में उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराए जाएं ताकि पैदावार में बढ़ोतरी हो सके।

इन फसलों के बीज हैं उपलब्ध:

कृषि विभाग के अनुसार, वर्तमान में राजकीय बीज भंडार पर गेहूं, चना, मटर, सरसों और मसूर के प्रमाणित बीज पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं। अधिकारियों का दावा है कि ये बीज वैज्ञानिक पद्धति से तैयार किए गए हैं, जो कीटों के प्रति प्रतिरोधी और अधिक उत्पादन देने में सक्षम हैं।

ऐसे करें बुकिंग और प्राप्त करें लाभ:

योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया गया है। इच्छुक किसान स्वयं अपने मोबाइल से या किसी भी नजदीकी जन सेवा केंद्र (CSC) के माध्यम से बीजों की बुकिंग करा सकते हैं। बुकिंग सफल होने के बाद किसान निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर 50 प्रतिशत अनुदान का लाभ उठा सकते हैं। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते बीजों की बुकिंग करा लें ताकि बुवाई के समय उन्हें किसी भी प्रकार की किल्लत का सामना न करना पड़े।

आजमगढ़ टाइम्स की राय: क्या आपको लगता है कि सरकार द्वारा दिया जा रहा यह 50 प्रतिशत का अनुदान किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने में वाकई मददगार साबित होगा? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।

ऐप खोलें