आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। जिले के सबसे अति-संवेदनशील और व्यस्त प्रशासनिक इलाके में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सिविल लाइन्स वार्ड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC) के पास लगे हाईटेंशन बिजली के खंभे पर पेड़ की हरी लताएं और डालियां इस कदर लिपट चुकी हैं कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हरी लताओं के जरिए खंभे में करंट उतरने की गंभीर संभावना बनी हुई है, जिससे बेखबर राहगीर इसकी चपेट में आ सकते हैं।
जिस रास्ते पर यह खंभा खड़ा है, वह शहर का दिल माना जाता है। इसी मार्ग से होकर कलेक्ट्रेट और विकास भवन के लिए रास्ता जाता है, जहाँ रोजाना जिले के तमाम आला अधिकारी, कर्मचारी और अपनी समस्याओं को लेकर सैकड़ों आम नागरिक आवाजाही करते हैं। इसके अलावा, इस क्षेत्र में अक्सर वीआईपी (VIP) दौरों और कार्यक्रमों का तांता लगा रहता है। इसके बावजूद जिम्मेदार महकमा इन जानलेवा लताओं की छंटाई कराने को लेकर पूरी तरह से लापरवाह बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बिजली विभाग मेंटेनेंस और फॉल्ट दुरुस्त करने के नाम पर अक्सर क्षेत्र की बिजली सप्लाई तो बाधित कर देता है, लेकिन सड़क किनारे खड़े इन ‘मौत के खंभों’ पर उनकी नजर नहीं पड़ती। अगर समय रहते इन डालियों और लताओं को सुरक्षित तरीके से नहीं हटाया गया, तो किसी दिन कोई मासूम या राहगीर इस बिजली विभाग की अनदेखी की कीमत अपनी जान देकर चुकाएगा। जनहित में यह बेहद जरूरी है कि विभाग तुरंत संज्ञान लेकर जांच कराए और खतरे को समाप्त करे।
आजमगढ़ टाइम्स की जन-अदालत: क्या आपके इलाके में भी बिजली विभाग की ऐसी ही लापरवाही देखने को मिल रही है? क्या अधिकारियों को हादसों का इंतजार करने के बजाय पहले ही जाग जाना चाहिए? अपनी बेबाक राय नीचे कमेंट करके जरूर बताएं।
