आजमगढ़: जिले में महिला अपराधों और साइबर उत्पीड़न के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अनिल कुमार के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए थाना देवगांव पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कथित तौर पर एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, उसकी बिना सहमति के निजी वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का गंभीर आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शिकायत के बाद देवगांव थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को जिवली तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि अभियुक्त ने पहले युवती को अपनी बातों में फंसाकर शादी का झूठा वादा किया और उसके बाद धोखे से उसका निजी वीडियो बना लिया। बाद में आरोपी उसी वीडियो के जरिए युवती को ब्लैकमेल करने और उसे इंटरनेट पर अपलोड करने की धमकी दे रहा था।
देवगांव थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।
आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: शादी का झांसा देकर धोखा देने और निजी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने वालों के खिलाफ कैसी सजा होनी चाहिए? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर दें।
